लखीसराय(सरफराज आलम) ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कमर्शियल और घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पर असर देखने को मिल रहा है। इसका प्रभाव अब लखीसराय जिले में भी महसूस किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहले ऑनलाइन बुकिंग के 72 घंटे के भीतर रसोई गैस की डिलीवरी हो जाती थी, लेकिन वर्तमान में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने में करीब 10 दिन तक का समय लग रहा है।
एक गैस उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 4 मार्च को पुराने मूल्य पर ऑनलाइन गैस बुक की थी। इसके बाद गैस की कीमत बढ़ जाने के कारण 8 मार्च को ऑनलाइन माध्यम से 60 रुपये अतिरिक्त भुगतान भी करना पड़ा। इसके बावजूद अभी तक गैस की डिलीवरी नहीं हो पाई है, जिससे घर में काफी परेशानी हो रही है।
उपभोक्ता का कहना है कि रसोई गैस की कीमत बढ़ने से उनका मासिक बजट भी प्रभावित हो गया है। वहीं गैस एजेंसी से फोन पर बात करने पर बताया गया कि गैस की आपूर्ति में देरी के कारण डिलीवरी में अभी तीन–चार दिन और लग सकते हैं।
गैस एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि आपूर्ति प्रभावित होने के कारण डिलीवरी में देरी हो रही है, लेकिन सभी उपभोक्ताओं तक जल्द से जल्द रसोई गैस पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
