अमृतसर में लूट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर में हुई लूट की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एडीसीपी हरपाल सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 27 फरवरी को शाम करीब 4 बजे राजिंदर नगर इलाके में हुई थी।

पुलिस के अनुसार राहुल नाम का व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल पर रोज की तरह सब्जी मंडी जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे धमकाया और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा करीब 4000 रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकबूलपुरा के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित राहुल के बयान के आधार पर मुकदमा नंबर 57 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले की जांच अलग-अलग एंगल से की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह (28), हरप्रीत सिंह (29) और धर्मवीर सिंह (28) के रूप में की, जो मकबूलपुरा इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने शमशेर सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी दो आरोपी भागकर एक फ्लैट में घुस गए। भागने के दौरान दोनों ने ऊपर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी टांगों में फ्रैक्चर हो गया। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 4000 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। शमशेर सिंह पर दो केस, हरप्रीत सिंह पर एनडीपीएस एक्ट का एक मामला और धर्मवीर सिंह पर चार मामले पहले से दर्ज हैं।

एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने वारदात से पहले राहुल की रेकी की थी, क्योंकि वह रोज एक ही समय पर सब्जी मंडी जाता था। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि अमृतसर पुलिस शहर में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इसके तहत रात के समय नाकाबंदी और पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.