लखीसराय में पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा

16 पंचायतों में बनेंगे भवन, 5 पंचायतों में भूमि उपलब्ध कराने के लिए मुखिया को डीएम का निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम) जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को पंचायत सरकार भवन निर्माण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले की कुल 16 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से 11 पंचायतों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि 5 पंचायतों में अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है। डीएम ने संबंधित पंचायतों के मुखिया को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से पहल कर शीघ्र उपयुक्त स्थल का चयन करते हुए भूमि उपलब्ध कराएं, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।डीएम ने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आम लोगों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पंचायत सरकार भवनों के लिए प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसे स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को उपलब्ध करा दिया गया है। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए।
बैठक में भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.