फरीदाबाद में होली के दिन तेज रफ्तार कार का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद। होली के दिन फरीदाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार सफेद कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना फरीदाबाद के सेक्टर-62 इलाके की बताई जा रही है, जहां अज्ञात कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, जब देशभर में लोग होली का त्योहार मनाकर दोपहर के समय अपने घरों में आराम कर रहे थे, उसी दौरान बल्लभगढ़ में रहने वाला 32 वर्षीय आदेश करीब दो बजे किसी काम से अपने ऑफिस जाने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में सेक्टर-62 के पास तेज रफ्तार सफेद कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक घबराकर मौके से फरार हो गया।

मौके पर मौजूद राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल आदेश को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों का पता लगाया, जिसके बाद जानकारी मिली कि मृतक मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला था और फरीदाबाद में नौकरी करता था तथा बल्लभगढ़ में किराये के कमरे में रहता था।

मृतक के पिता तेजवीर सिंह और अन्य परिजनों ने बताया कि उन्हें पुलिस का फोन आया था कि उनके बेटे का सेक्टर-62 में एक्सीडेंट हो गया है और उसकी मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आदेश अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसके पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि हादसे के जिम्मेदार अज्ञात कार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

वहीं फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने की कोशिश करेगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.