मुरादाबाद में दैनिक अखबार के संपादक के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, परिवार बाल-बाल बचा

मुरादाबाद। शहर में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कटघर थाना क्षेत्र के मछुआपुरा इलाके में दबंगों ने एक दैनिक अखबार के संपादक के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के समय घर में संपादक और उनका पूरा परिवार मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि जिस घर पर फायरिंग की गई, वह दैनिक अखबार के संपादक कामेश ठाकुर का है। घटना के बाद परिवार काफी सहम गया और आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बन गया।

घना आबादी वाला इलाका होने के कारण फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही मऊ जिले में पत्रकार अंशुल चौहान पर भी जानलेवा हमला हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है। घटना को लेकर पत्रकारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.