होली-रमजान से पहले लखीसराय में सुरक्षा की विशेष तैयारी, प्रशिक्षु सिपाहियों को आँसू गैस दागने का प्रशिक्षण
लखीसराय(सरफराज आलम)आगामी होली और रमजान पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में लखीसराय पुलिस द्वारा पुलिस लाइन परिसर में प्रशिक्षु सिपाहियों को आँसू गैस (टियर गैस) दागने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या भीड़ नियंत्रण की आवश्यकता पड़ने पर कानूनी प्रक्रिया और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए ही आँसू गैस का प्रयोग किया जाएगा।
सिपाहियों को हवा की दिशा, सुरक्षित दूरी, आम नागरिकों की सुरक्षा और टीम समन्वय के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि प्राथमिक उद्देश्य शांति बनाए रखना है, बल प्रयोग अंतिम विकल्प के रूप में ही किया जाता है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि होली और रमजान को देखते हुए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। फ्लैग मार्च, शांति समिति की बैठकें और रात्रि गश्ती अभियान भी तेज कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट न फैलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोनों पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ सम्पन्न हो सकें।
