होली पर्व पर मिलावटखोरी के विरुद्ध विशेष छापामार अभियान 03 नमूने संग्रहीत, 145 किलोग्राम दूषित मिठाइयाँ नष्ट

रामपुर: जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार आगामी होली पर्व के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने तथा मिलावट पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहायक आयुक्त (खाद्य)/अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा द्वारा विशेष अभियान संचालित किया गया।
विशेष छापामार कार्रवाई के अंतर्गत केमरी, मिलक-बिलासपुर रोड, रामपुर स्थित हसन स्वीट हाउस के स्वामी नवी हसन पुत्र जुम्मा से छेना रसगुल्ला एवं गोले का पेड़ा का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान लगभग 15 किलोग्राम दूषित मिठाइयाँ (अनुमानित कीमत ₹2,040) को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में ग्राम कमौरा, निकट दूरभाष/मोबाइल टावर, तहसील मिलक स्थित रसगुल्ला निर्माता/भंडारणकर्ता सूरजभान बघेल पुत्र मायाराम बघेल के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का एक नमूना लिया गया। साथ ही लगभग 130 किलोग्राम दूषित छेना मिठाई (अनुमानित कीमत ₹13,000) को नष्ट कराया गया।
इस प्रकार विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 3 विधिक नमूने संग्रहीत कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मिलावट की प्रकृति के अनुरूप संबंधित धाराओं में वाद दायर किया जाएगा।
सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचन्द्र यादव, राहुल शुक्ला, अशोक कुमार एवं अज़रा बी मोहम्मद उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.