डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच पोशाक का किया वितरण
जीविका के सहयोग से 40 बच्चों को मिली नई व गुणवत्तापूर्ण पोशाक
लखीसराय(सरफराज आलम)डीएम मिथिलेश मिश्र ने गुरुवार को मध्य विद्यालय मोहम्मदपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-30 में बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया। यह पोशाक ‘जीविका’ के सहयोग से विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए तैयार कराई गई है।
इस अवसर पर कुल 40 बच्चों को नई, आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण पोशाकें प्रदान की गईं। पोशाक प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। जिला पदाधिकारी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक पोशाक वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की नींव होती है। इस अवस्था में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोशाक वितरण जैसी पहल से बच्चों में आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है और वे अधिक उत्साह के साथ आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ते हैं।
डीएम ने ‘जीविका’ की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक निर्माण एवं वितरण का यह प्रयास सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस मौके पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
