अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक से मिला जिला वक्फ कमिटी का शिष्टमंडल

जिला वक्फ कमिटी,लखीसराय को अविलंब कार्यालय उपलब्ध कराने का सख्त निर्देशकार्यालय नहीं रहने से ठप है कई अहम कार्य, कार्यालय बन जाने से तेज होगी वक्फ मामलों की रफ्तार

लखीसराय: अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के विशेष सचिव सह निदेशक डॉ अमीर आफाक अहमद फैजी ने लखीसराय जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (वक्फ) को जिला वक्फ कमिटी, लखीसराय को अविलंब कार्यालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के बाद जिले में वक्फ से जुड़े कार्यों में नई उम्मीद जगी है।

निदेशक सह अपर सचिव ने स्पष्ट कहा कि जिला वक्फ कमिटी के पास कार्यालय नहीं होने के कारण वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, अभिलेखों के संधारण एवं अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े मामलों का निष्पादन प्रभावित हो रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निदेशक के आदेश पर जिला वक्फ कमिटी के अध्यक्ष सरफराज आलम सहित सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका तहे दिल से आभार प्रकट किया। अध्यक्ष ने कहा कि “कार्यालय उपलब्ध होने से न केवल वक्फ संपत्तियों की बेहतर निगरानी हो सकेगी, बल्कि अल्पसंख्यकों से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंच सकेगा।”

उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा लखीसराय में जिला वक्फ कमिटी का गठन किया गया था। तब से कमिटी लगातार पत्राचार और पहल के माध्यम से कार्यालय उपलब्ध कराने की मांग कर रही थी। राज्य के कई जिलों में पहले से कार्यालय उपलब्ध होने के बावजूद लखीसराय में इसकी व्यवस्था नहीं होना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ था।

विदित हो कि 25 फरवरी को अध्यक्ष सरफराज आलम के नेतृत्व में कमिटी का एक शिष्टमंडल बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान तथा विभाग के निदेशक सह अपर सचिव से भेंट कर ज्ञापन सौंपा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अपर सचिव सह निदेशक ने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए।

अब निगाहें जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि शीघ्र कार्यालय उपलब्ध कराया जाता है तो वक्फ मामलों के लंबित निष्पादन में तेजी आने की पूरी संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.