लखीसराय में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में प्रदर्शन,निर्देशक का पुतला दहन

लखीसराय(सरफराज आलम)आगामी 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म के शीर्षक और कथित आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर यादव समाज के लोगों ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

टीजर जारी होने के बाद समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि फिल्म के नाम के माध्यम से एक विशेष समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

इसी कड़ी में लखीसराय में यादव समाज के बैनर तले व्यापक प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यापीठ चौक से शहीद द्वार तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान फिल्म के निर्देशक के खिलाफ नारेबाजी की गई और उनका पुतला फूंका गया। साथ ही फिल्म के पोस्टर को भी जलाकर विरोध दर्ज कराया गया।

यादव समाज के युवा नेता एवं शिक्षाविद अविनाश यादव ने कहा कि समाज अपनी अस्मिता और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से विवादित अंशों को हटाने तथा फिल्म का नाम बदलने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

फिलहाल फिल्म निर्माताओं की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.