एक जिंदगी बचाने में आठ जिंदगियां हुई कुर्बान
अमृतसर के पायलट स्वराजदीप सिंह की एयर एंबुलेंस हादसे में मौत, रांची से दिल्ली जा रहा विमान झारखंड के पास क्रैश
Amritsar के सुल्तानविंड रोड स्थित गोबिंद नगर इलाके में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब यहां के रहने वाले पायलट स्वराजदीप सिंह की एयर एंबुलेंस विमान हादसे में मौत की खबर सामने आई। रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस विमान झारखंड के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत कुल 8 लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
बताया जा रहा है कि यह एयर एंबुलेंस एक मरीज को लेकर Ranchi से Delhi आ रही थी। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
डेढ़ साल पहले जॉइन की थी ड्यूटी
स्वराजदीप सिंह ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही बतौर पायलट अपनी ड्यूटी जॉइन की थी। उनकी शादी को महज दो साल हुए थे और उनका एक मासूम बेटा भी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ घंटे पहले उन्होंने परिवार को फोन कर बताया था कि वे रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहे हैं और पहुंचने के बाद दोबारा संपर्क करेंगे। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद जब फोन नहीं लगा तो चिंता बढ़ गई। बाद में समाचार चैनलों के जरिए विमान हादसे की जानकारी मिली और कंपनी की ओर से ई-मेल के माध्यम से उनके निधन की पुष्टि की गई।
मोहल्ले में मातम, उठी सुरक्षा की मांग
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि स्वराजदीप सिंह बेहद मिलनसार और नेकदिल इंसान थे। वे हमेशा बड़ों का सम्मान करते थे और परिवार का नाम रोशन किया। स्थानीय पार्षद और पड़ोसियों ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि जवान बेटे का यूं चले जाना किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा है।
शहरवासियों और परिजनों ने सरकार से मांग की है कि विमान सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए। उनका कहना है कि लगातार हो रहे विमान हादसों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल गोबिंद नगर इलाके में शोक का माहौल है और हर आंख नम है।
khabre junction
