रामपुर। लखनऊ में आयोजित ‘गोधन समागम’ कार्यक्रम का जनपद के समस्त विकास खंडों में लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गोपालकों एवं नन्द बाबा मिशन के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर नन्द बाबा मिशन के निदेशक एवं पशुपालन विभाग के निदेशक ने विभागीय प्राथमिकताओं, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार पशुपालकों की आय दोगुनी करने तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। जनपद के विकास भवन स्थित सभागार में अपर निदेशक ग्रेड-2, पशुपालन विभाग, मुरादाबाद मंडल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने पशुपालकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
तहसील मिलक के विकास खंड कार्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में भी कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित किया गया, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में गोपालकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, अनुदान (सब्सिडी) एवं वित्तीय सहायता की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
नन्द बाबा मिशन के अंतर्गत आधुनिक डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा देने, स्वदेशी नस्ल के पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्रामीणों को संगठित डेयरी गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित पोषण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक तरीकों पर तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजन पशुपालकों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जनपद की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
khabre junction
