जब पंडित भागवत दयाल शर्मा ने बंसी लाल को कहा “ परेशान न हो – तेरी और मेरी दोनों ही पुराने मॉडल की है

गुस्ताखी माफ हरियाणा –पवन कुमार बंसल

जब पंडित जी ने बंसी को कहा – तेरी और मेरी दोनों की बीबी पुराने मॉडल की हैं।

हरियाणा के लोग और नेता हंसी-मजाक के लिए देश ही नहीं, विदेश में भी मशहूर हैं। अट्ठाइस साल पहले हरियाणा की राजनीति पर मेरी चर्चित किताब हरियाणा के लालों के सबरंगे किस्से का विमोचन करते हुए जाने-माने पत्रकार प्रभाष जोशी ने कहा था कि औरों पर तो सभी हंस लेते हैं, लेकिन अपने ऊपर हंसने की कला पूरे विश्व में केवल हरियाणा के लोगों में है। नेताओं के हास्य के सैकड़ों किस्से मेरी किताबें लालों के किस्से और गुस्ताखी माफ हरियाणा में हैं। मजे की बात यह है कि ज्यादातर किस्से नेताओं ने खुद चटकारे लेकर सुनाए हैं।

यह किस्सा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों पंडित भगवत दयाल शर्मा और बंसी लाल का है। बात शुरुआती दिनों की है। तब बंसी लाल, पंडित जी को अपना राजनीतिक गुरु मानते थे। बंसी लाल को मुख्यमंत्री बनाने में पंडित जी यानी भगवत दयाल शर्मा की अहम भूमिका रही।

बंसी लाल के परिवार में शादी थी। बता दें कि मैडम बंसी लाल सीधी-सादी महिला थीं। सरकार के काम में बिल्कुल दखल नहीं देती थीं। आशा हुड्डा की तरह नहीं। वैसे अपने खट्टर साहिब के साथ तो यह समस्या है ही नहीं।

शादी मुख्यमंत्री परिवार में थी, तो कई बड़े मंत्री, नेता और अफसर मौजूद थे। मैडम बंसी लाल वीआईपी लोगों के साथ फोटो खिंचवाने में हिचक रही थीं। बंसी लाल को भी अजीब लग रहा था। अपने चेले यानी बंसी लाल को परेशान देख पंडित जी बोले— “बंसी लाल, परेशान न हो। तेरी और मेरी दोनों की मैडम यानी पत्नी पुराने मॉडल की हैं।”

यह सुनते ही वहां हंसी का ठहाका गूंज उठा। बाद में तो पंडित जी और बंसी लाल में छत्तीस का आंकड़ा हो गया था।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.