बदायूं। सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश पाठक द्वारा संयुक्त रूप से डग्गामार एवं अनधिकृत वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन निगम के रंग (कलर) में अवैध रूप से संचालित दो बसों को परिवहन निगम की वर्कशॉप में सीज किया गया। इसके अतिरिक्त तीन अनधिकृत रूप से संचालित बसों का चालान किया गया।
साथ ही 6 अन्य मालवाहक ओवरलोड वाहनों को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं में सीज किया गया। संबंधित वाहन स्वामियों द्वारा लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का समन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे बीमा, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र आदि अद्यतन रखें। मोटर वाहन हमारी सुविधा के लिए बनाए गए हैं, अतः उनका सदुपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि वाहन संचालन इस प्रकार करें कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाए।
khabre junction
