बदायूं सांसद ने रेल मंत्री से उठाई जाम की समस्या, रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग

बदायूं/गुन्नौर। बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने बबराला–अनूपशहर मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर लगने वाले भीषण यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में बताया कि गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला बबराला–अनूपशहर मार्ग क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यस्त संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और मरीज आवागमन करते हैं। क्षेत्र के अनेक गांवों की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियां इसी मार्ग पर निर्भर हैं।

उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक संख्या 58/बी से प्रतिदिन लगभग 25 से 30 सवारी और मालगाड़ियां गुजरती हैं। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक लंबे समय तक बंद रहने से दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इससे लोगों को समय की हानि, ईंधन की बर्बादी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं।

सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि अलीगढ़–बरेली के बीच डबल लाइन रेलवे परियोजना का कार्य प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने के बाद ट्रेनों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

आदित्य यादव ने रेल मंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा गुन्नौर विधानसभा सहित आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.