डीआईजी मुनिराज ने एकीकृत कमांड रूम और डायल-112 कंट्रोल रूम का किया वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
रामपुर (रिपोर्ट: शाहबाज़ खान): पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज ने पुलिस अधीक्षक रामपुर की उपस्थिति में एकीकृत कमांड रूम, आरओआईपी-112 कार्यालय एवं कंट्रोल रूम का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान कंट्रोल रूम में संचालित व्यवस्थाओं और डायल-112 की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, पुलिस रिस्पांस सिस्टम और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम प्रभारी को निर्देशित किया कि पुलिस ड्यूटी को हमेशा मुस्तैद रखा जाए, ताकि जनता को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
डीआईजी मुनिराज ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए जनपद के प्रमुख स्थानों और चौराहों पर लगे कैमरों की स्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख तिराहों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, डायल-112 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के संबंध में पीड़ितों से फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके और शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी शाहबाद, क्षेत्राधिकारी टांडा/लाइन्स, क्षेत्राधिकारी मिलक, कंट्रोल रूम प्रभारी रेडियो निरीक्षक, प्रभारी 112 सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
khabre junction
