डीआईजी मुनिराज ने कोतवाली थाना का वार्षिक निरीक्षण किया, अभिलेखों व व्यवस्थाओं की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

रामपुर (रिपोर्ट: शाहबाज़ खान): पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज ने पुलिस अधीक्षक रामपुर की उपस्थिति में थाना कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गार्ड की सलामी ली और थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न रजिस्टरों की जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, आईजीआरएस रजिस्टर, ऑर्डर बुक, जनशिकायती रजिस्टर, माल मुकदमाती रजिस्टर, मिशन शक्ति रजिस्टर, फ्लाई शीट और रजिस्टर नंबर-8 सहित अन्य अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही थाना कार्यालय, जीडी कार्यालय, हवालात, मालखाना/ई-मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, भोजनालय, आगंतुक कक्ष और विवेचना कक्ष का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

डीआईजी मुनिराज ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के प्रभावी संचालन तथा महिला बीट कर्मियों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को नियमित रूप से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र के अभिलेखों की जांच कर पीड़िताओं की शिकायतों का स्पष्ट विवरण दर्ज करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रार्थना पत्रों को समयसीमा में निपटाने तथा लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा यक्ष एप और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर की जा रही फीडिंग की समीक्षा की गई तथा माल मुकदमाती वाहनों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर में आगंतुकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, नियमित फुट पेट्रोलिंग और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और सभी सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से क्रियाशील रखने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी मिलक, क्षेत्राधिकारी शाहबाद सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.