बदायूँ: शासन एवं जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम एवं अभिनव कुमार चौधरी द्वारा जनपद में ओवरलोड एवं स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना कर जमा किए वाहन संचालित करने तथा अन्य उल्लंघनों के आरोप में 2 मालवाहन थाना बिल्सी एवं 2 वाहन थाना बिसौली में निरुद्ध किए गए। इसके अलावा एक बस को बिना कर जमा किए एवं परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाने पर सीज किया गया। साथ ही 10 ओवरलोड मालवाहनों को एआरटीओ कार्यालय बदायूँ में सीज कर कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त स्कूली बसों एवं वैनों की भी जांच की गई, जिसमें दो स्कूली वाहनों के चालान किए गए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल ढाई लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूलकर सरकारी खाते में जमा कराया गया।
परिवहन विभाग ने जनसामान्य से अपील की है कि जिन वाहनों की फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें समय से नवीनीकरण कराएं। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट तथा दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही सुरक्षित यात्रा करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें। अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
khabre junction
