रामपुर में अवैध प्लाटिंग पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कई बीघा भूमि पर की गई कार्रवाई

  •  रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर जनपद में अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर तहसील शाहबाद क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त शिकायत के आधार पर तहसील शाहबाद के थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम पटवाई और ग्राम नरखेड़ा में राजस्व विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान ग्राम पटवाई में गाटा संख्या 112, लगभग 3 बीघा भूमि पर इरशाद पुत्र गफूर द्वारा जिला पंचायत से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना अवैध रूप से प्लाटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण और प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।

इसी प्रकार ग्राम नरखेड़ा में भी अवैध प्लाटिंग के मामले सामने आए। जांच में पाया गया कि गाटा संख्या 238, लगभग 1 एकड़ भूमि पर सदाकत पुत्र शमशार तथा गाटा संख्या 281, लगभग एक चौथाई एकड़ भूमि पर फरीद पुत्र रफीक द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी से मानचित्र स्वीकृत कराए नियमों का उल्लंघन करते हुए प्लाटिंग की जा रही थी। प्रशासन ने दोनों स्थानों पर जेसीबी मशीन से अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त करा दिया।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में कहीं भी अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण या भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कार्य करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.