चंडीगढ़। हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए हजारों बुजुर्गों को राहत दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है, क्योंकि सरकार ने रोकी गई करीब 70 हजार पेंशनों को दोबारा जारी करने के आदेश दे दिए हैं। साथ ही अब सभी पेंशन हर महीने की फिक्स 10 तारीख को जारी की जाएंगी।
समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने पेंशन वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे बुजुर्गों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी और अनिश्चितता की स्थिति समाप्त होगी।
वहीं, परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतीश खोला ने जानकारी दी कि जिन बुजुर्गों की पेंशन नवंबर महीने में होल्ड की गई थी, उन्हें शनिवार को रिलीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिसंबर महीने की पेंशन का स्टेटस भी अगले दो से तीन दिनों में अपडेट कर दिया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से हजारों बुजुर्गों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है। अब पेंशन की तारीख तय होने से लाभार्थियों को हर महीने समय पर पेंशन मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में स्थिरता आएगी।
