जिला चिकित्सालय रामपुर में तंबाकू नियंत्रण को लेकर मासिक समीक्षा बैठक, जागरूकता और काउंसलिंग पर दिया गया जोर
रामपुर। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सभागार में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाना और स्वास्थ्य कर्मियों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने सभी प्रतिभागियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वयं को काउंसलर मानते हुए प्रत्येक तंबाकू उपयोगकर्ता की काउंसलिंग करें तथा उन्हें तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत अपने परिवार से होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि परिवार का कोई भी सदस्य तंबाकू का सेवन न करे।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.सी. सक्सेना ने कहा कि तंबाकू सेवन पर रोक लगाकर हम केवल एक व्यक्ति का जीवन ही नहीं बचाते, बल्कि पूरे परिवार को गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट से बचा सकते हैं। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अजमी ने तंबाकू छोड़ने के प्रभावी उपायों और चिकित्सा प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं जनरल फिजिशियन डॉ. हबीब ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर रोगों जैसे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया।
बैठक में जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों सहित जिला सलाहकार डॉ. शहजाद हसन खान उपस्थित रहे। बैठक में तंबाकू नियंत्रण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई।
khabre junction
