राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर की एनएसएस इकाइयों का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू, 200 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा

रामपुर। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों—अंबेडकर दल, आजाद दल, राधाकृष्णन दल एवं रानी लक्ष्मीबाई दल के लगभग 200 स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम भुर्जी की मड़ैया स्थित प्राथमिक विद्यालय में उद्घाटन समारोह के साथ प्रारंभ हुआ।

शिविर के शुभारंभ समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जागृति मदान धीगड़ा, ग्राम प्रधान इक्तियार (भुर्जी की मड़ैया), डॉ. आलोक गुप्ता, डॉ. मुजाहिद अली, डॉ. वी.के. राय, डॉ. उमंग अग्रवाल, डॉ. सुरजीत, श्याम सिंह सहित अन्य प्राध्यापक, ग्रामीण एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, राष्ट्रभक्ति गीत, लक्ष्य गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. जागृति मदान धीगड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया तथा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अन्य प्राध्यापकों ने भी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. जागृति मदान धीगड़ा ने राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डॉ. ईरम नईम ने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों पर चलते हुए अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना चाहिए और समाज, देश तथा मानवता के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। डॉ. नरेश कुमार, डॉ. घनश्याम सरोज एवं डॉ. प्रमोद कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सोफिया, अब्दुल, रिम्मी, फैजान, अनस, शाहब, अल्बाज रजा, सिमरन प्रजापति, हर्षिता सहित अनेक स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.