रामपुर में अधिवक्ता के बयान पर बवाल, कर्मचारियों ने की कार्रवाई की मांग, धरना-प्रदर्शन के बीच बढ़ा विवाद

  • रिपोर्ट : शाहबाज़ खान

रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच एक नया विवाद सामने आ गया है। शुक्रवार को शहर के नेशनल हाईवे स्थित अंबेडकर पार्क के सामने जिले भर के अधिवक्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक अधिवक्ता द्वारा दिए गए बयान के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।

धरने के दौरान अधिवक्ता रेहान ने अपने संबोधन में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का नाम लेते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद जिले भर के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने संबोधन में अधिकारियों से न्याय की उम्मीद न होने की बात कही और कुछ ऐसे शब्दों का प्रयोग किया, जिन्हें अधिकारियों के प्रति अमर्यादित माना जा रहा है।

विवाद बढ़ने के बाद शहर कोतवाली में जिले भर के राजस्व निरीक्षक, मिनिस्ट्रियल कर्मचारी, लेखपाल और अमीन एकत्र हुए और संबंधित अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने वीडियो की जांच कराए जाने और दोषी के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की मांग की।

शनिवार को थाना समाधान दिवस के दौरान कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष अमरीश कुमार ने कहा कि जिलाधिकारी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है और इससे प्रशासनिक गरिमा को ठेस पहुंची है।

उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों की मांग है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का दुस्साहस न करे। मामले को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.