नायब सिंह सैनी बोले— विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा की रहेगी अहम भूमिका, निवेशकों की पहली पसंद बना प्रदेश

हरियाणा,  फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है और नई योजनाओं के माध्यम से विकास को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है और प्रदेश में औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले बजट में 10 नई आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) बनाने की घोषणा की गई थी, जिनमें से 6 पर तेजी से काम चल रहा है और शेष 4 पर भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क, दिल्ली, चंडीगढ़ और हिसार एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी के कारण निवेशक हरियाणा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1966 में पंजाब से अलग होकर बने हरियाणा को लेकर कई शंकाएं थीं, लेकिन प्रदेश ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि देश की सेना, खेल और ऑटोमोबाइल निर्माण क्षेत्र में हरियाणा का योगदान महत्वपूर्ण है। फॉर्च्यून 500 की लगभग 250 कंपनियां हरियाणा में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई औद्योगिक नीति लाने जा रही है, जिससे निवेश को और बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक ढांचे को दीर्घकालिक योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, ताकि आने वाले 50 वर्षों तक उद्योगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। गन्नौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फल मंडी लगभग तैयार है, वहीं खारी बावली की ड्राई फ्रूट मार्केट, मार्बल मार्केट और अन्य व्यापारिक केंद्रों को हरियाणा में स्थापित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए किसानों से पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से पराली जलाने की घटनाओं में 95 प्रतिशत तक कमी आई है, जिसकी सराहना न्यायालय द्वारा भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और भारत को विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया गया है। उन्होंने भारत-यूरोपियन संघ मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हरियाणा के उद्योग और व्यापार को विशेष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के सीसीआई सुनील शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.