अमृतसर, फरवरी। शादी की तैयारियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया जब शगुन की रस्म से एक दिन पहले दुल्हन अचानक घर से फरार हो गई। घटना अमृतसर के छेहरटा स्थित खापड़खेड़ी गांव की है, जहां 15 फरवरी को बारात आने वाली थी
और 14 फरवरी को शगुन की रस्में निर्धारित थीं।
जानकारी के अनुसार, गांव खापड़खेड़ी निवासी 31 वर्षीय हरप्रीत सिंह की सगाई आठ महीने पहले सुल्तान विंड रोड स्थित डर्मा वाला बाजार की रहने वाली किरणदीप कौर के साथ हुई थी। परिवार ने फरवरी में शादी की तारीख तय की थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। लेकिन 14 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे लड़की के परिजनों ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी घर से लापता हो गई है।
इस घटना के बाद लड़के के परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार को पहले से ही उसकी किसी युवक के साथ प्रेम संबंध की जानकारी थी और इसी कारण वे पिछले आठ महीनों से शादी की तारीख को लेकर टालमटोल कर रहे थे। लड़के पक्ष का यह भी कहना है कि एक दिन पहले उन्हें एक युवक का फोन आया था, जिसने दावा किया कि उसका और किरणदीप कौर का प्रेम संबंध है और वे दोनों शादी करना चाहते हैं, इसलिए यह रिश्ता तोड़ दिया जाए।
लड़के के परिवार ने आरोप लगाया कि इस घटना से उनकी गांव में बदनामी हुई है और शादी की तैयारियों में लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लड़की के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और फोन भी बंद कर लिए।
मामले को लेकर लड़के के परिवार ने पुलिस थाना घरिंडा की पुलिस चौकी खासा में लड़की के परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद लड़की के परिवार को थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
khabre junction
