ऐलनाबाद, 12 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव) हरियाणा में लगातार बढ़ रही रंगदारी, फिरौती और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
कुमारी सैलजा ने रोहतक जिले में पूर्व विधायक बलराज कुंडू से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगकर दो दिन का अल्टीमेटम दिए जाने की घटना को अत्यंत गंभीर बताया। इसी तरह फरीदाबाद के एक उद्योगपति से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और चेतावनी के तौर पर गोलियां भेजने की घटना को अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि सिरसा जिले में भी दो कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आई हैं, जो यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में संगठित अपराध का नेटवर्क सक्रिय है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारी, उद्योगपति, दुकानदार, शिक्षण संस्थान संचालक, अस्पताल प्रबंधन और यहां तक कि जनप्रतिनिधि भी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
सरकार से तीखे सवाल
कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश सरकार से सवाल किया कि आखिर कानून-व्यवस्था किसके नियंत्रण में है? क्या सरकार किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है? क्या प्रशासन तब जागेगा जब खतरा मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचेगा?
उन्होंने मांग की कि प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टरों और रंगदारी नेटवर्क के खिलाफ सख्त और निर्णायक अभियान चलाया जाए। साथ ही पीड़ितों को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए और हालिया घटनाओं में संलिप्त अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिलाया जाए।
भयमुक्त वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी
कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार का पहला दायित्व नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देना है। यदि आम जनता और जनप्रतिनिधि स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो यह शासन और प्रशासन की गंभीर विफलता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा की जनता जवाब भी चाहती है और सुरक्षा भी।
khabre junction
