बेसिक शिक्षा विभाग की 42वीं क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ आग़ाज़, रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां

बदायूं: बेसिक शिक्षा विभाग की 42वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह का शुभारंभ हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज, बदायूं में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय मंत्री संजीव शर्मा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

संविलियन विद्यालय हररायपुर एवं प्राथमिक विद्यालय मदनजुड़ी बिसौली के छात्र-छात्राओं ने बैंड की घोष के साथ अतिथियों का मंच तक स्वागत किया। इसके पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय उसावा की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगत की छात्राओं द्वारा अभिनंदन गीत तथा संविलियन विद्यालय दहेमू की छात्राओं द्वारा राजस्थानी लोकगीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी गई। आदर्श संविलियन विद्यालय डायट की छात्राओं ने “राधा रमन मेरे घर आएंगे” गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं हररायपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर तलवारों के साथ नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।

इसके बाद अतिथियों का शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा बैज लगाकर, बुके भेंट कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर कबूतरों को उड़ाया गया तथा तिरंगे के रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। सभी विकास खंडों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।

मुख्य अतिथि राजीव गुप्ता ने कहा कि खेलों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, साथ ही नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जनपद से प्रदेश स्तर तक पूरे मनोयोग से खेलने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में प्राथमिक स्तर 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में प्रशांत (कादरचौक) प्रथम, करण (जगत) द्वितीय, अमरजीत (कादरचौक) तृतीय रहे। बालिका वर्ग में करिश्मा (कादरचौक) प्रथम, सगोपी (कादरचौक) द्वितीय एवं शिवानी (उसावा) तृतीय स्थान पर रहीं।
100 मीटर दौड़ प्राथमिक बालक वर्ग में प्रशांत (कादरचौक) प्रथम, सत्येंद्र (दहगवा) द्वितीय, करण (जगत) तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सगोपी (कादरचौक) प्रथम, करिश्मा द्वितीय एवं खुशबू (सहसवान) तृतीय रहीं।
उच्च प्राथमिक 100 मीटर बालक वर्ग में कौशल (म्याऊं) प्रथम, प्रदीप (जगत) द्वितीय, सुधांशु (इस्लामनगर) तृतीय रहे। बालिका वर्ग में रचना (उझानी) प्रथम, शालिनी (कादरचौक) द्वितीय, अनुष्का (सालारपुर) तृतीय रहीं।
400 मीटर दौड़ में भी विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक जुगल किशोर एवं कामिनी राठौर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक रामदास यादव, व्यायाम शिक्षिका ज्योति सक्सेना, जिला स्काउट मास्टर सुदेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, पीटीआई, शिक्षक एवं अनुदेशक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.