How Much Water Do You Really Need: हाइड्रेटेड रहने के लिए रोज कितना पानी पीना है सही? जानें 8 गिलास वाला नियम कितना सच

जब भी पानी पीने की बात आती है तो सबसे पहले दिमाग में यही सवाल आता है कि शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए रोजाना कितना पानी पीना चाहिए। खासकर ठंड के मौसम में लोग गर्मी की तुलना में कम पानी पीते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। यह भले ही छोटी परेशानी लगे, लेकिन इसके कारण थकान, सिरदर्द, ध्यान न लगना और काम की क्षमता कम होना जैसी दिक्कतें सामने आ सकती हैं।

अक्सर लोग कहते हैं कि रोज 8 गिलास पानी पीना चाहिए, लेकिन सच्चाई यह है कि हर व्यक्ति की पानी की जरूरत अलग-अलग होती है। कोई एक तय मात्रा सभी पर लागू नहीं होती। आइए जानते हैं कि असल में शरीर को कितना पानी चाहिए और किन बातों पर यह निर्भर करता है।

एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं

अगर विश्व की बड़ी हेल्थ ऑर्गनाइजेशन्स की बात करें तो मेयो क्लिनिक, हार्वर्ड हेल्थ और अमेरिकन नेशनल एकेडमीज के अनुसार:

एक स्वस्थ वयस्क पुरुष को रोजाना कुल फ्लूइड (पानी + अन्य ड्रिंक्स + खाने से मिलने वाला पानी) लगभग 3.7 लीटर यानी करीब 15–16 गिलास लेना चाहिए।

वहीं महिलाओं के लिए यह मात्रा करीब 2.7 लीटर यानी 11–12 गिलास मानी जाती है।

भारत की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) की गाइडलाइंस के अनुसार, हेल्दी एडल्ट्स को रोजाना 2 से 3 लीटर पानी पीना चाहिए।

कहां से आया 8 गिलास पानी वाला नियम

रोज 8 गिलास पानी पीने की सलाह दरअसल 1945 की एक पुरानी रिपोर्ट से आई थी। बाद में इसे “8×8 रूल” (8 गिलास × 8 औंस = करीब 2 लीटर) के रूप में लोकप्रिय कर दिया गया। यह एक औसत आंकड़ा है, लेकिन हर किसी के लिए जरूरी नहीं।

कई स्टडीज बताती हैं कि बहुत से लोग इससे कम पानी पीकर भी स्वस्थ रहते हैं, क्योंकि उन्हें दिनभर में चाय, दूध, जूस, फल और सब्जियों से भी पर्याप्त मात्रा में पानी मिल जाता है।

मौसम और लाइफस्टाइल से बदलती है जरूरत

पानी की जरूरत मौसम और आपकी दिनचर्या पर भी निर्भर करती है।

गर्मी और उमस में यह जरूरत बढ़कर 3 से 4 लीटर तक हो सकती है।

वर्कआउट या एक्सरसाइज के दौरान हर 15–20 मिनट में 1 गिलास पानी पीना चाहिए। 1 घंटे की हार्ड एक्सरसाइज में 0.5 से 1 लीटर अतिरिक्त पानी की जरूरत होती है।

बुखार, दस्त या उल्टी की स्थिति में शरीर से ज्यादा पानी निकलता है, ऐसे में पानी का सेवन बढ़ाना जरूरी है।

प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग के दौरान महिलाओं को रोज 3 से 3.5 लीटर तक पानी पीने की सलाह दी जाती है।

 

khabre junction

Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें

Leave A Reply

Your email address will not be published.