रामपुर:जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए जरूरतमंद बच्चों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
तहसील मिलक के ग्राम पैगम्बरपुर निवासी कक्षा-5 में अध्ययनरत दिव्यांग बालक आर्यन ने बताया कि वह अत्यंत गरीब परिवार से है, उसकी माता अस्वस्थ रहती हैं तथा पिता का निधन हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या को आर्यन को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने एवं उसका दिव्यांग प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान ज्वालानगर निवासी प्रीति के बच्चों रौनक एवं दक्ष, साथ ही तहसील स्वार निवासी मदन पाल को भी बाल सेवा योजना के अंतर्गत लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रीति को काशीराम आवास उपलब्ध कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
इसी क्रम में पनवड़िया निवासी कक्षा-6 में अध्ययनरत कम दृष्टिहीन बालक मयंक को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सैदनगर निवासी नन्हे एवं उनकी पत्नी मायावती, जो पूर्व जनसुनवाई में स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मिले थे, उन्हें इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।
इसके अलावा तहसील सदर के रेटगंज मझरा हीरालाल निवासी वृद्ध व्यक्ति को वृद्धा पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए तथा जिलाधिकारी द्वारा उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ₹2500 प्रतिमाह, जबकि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत ₹4000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है।
khabre junction
