जिलाधिकारी के निर्देश पर बना आयुष्मान कार्ड, हरकिशोर एवं राधा देवी को सौंपा गया निःशुल्क उपचार का अधिकार

रामपुर।जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में तहसील शाहबाद के ग्राम करैती निवासी हरकिशोर एवं उनकी भाभी राधा देवी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया था कि वे आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपने समुचित इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड बनवाने में असमर्थ हैं और उन्हें इस योजना का लाभ अत्यंत आवश्यक है।

जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रकरण को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड सफलतापूर्वक बनवाए गए।

आयुष्मान कार्ड बनने के उपरांत जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र द्वारा हरकिशोर को आयुष्मान कार्ड अपने हाथों से प्रदान किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों ने हरकिशोर का हालचाल जाना तथा उन्हें आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक संबल मिलता है।

इसके अतिरिक्त जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं भी जिलाधिकारी द्वारा सुनी गईं और उनके त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष एवं अन्य माध्यमों से आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराया जाए।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.