फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के लिए अमृतसर पहुंचे मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और निर्देशक अनुभव सिन्हा

अमृतसर।बॉलीवुड की आने वाली सोशल थ्रिलर फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के लिए फिल्म से जुड़े प्रमुख कलाकार और निर्देशक अमृतसर पहुंचे। इस दौरान अभिनेता मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और फिल्म के निर्देशक अनुभव सिन्हा ने मीडिया से खास बातचीत की और फिल्म से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं। उल्लेखनीय है कि निर्देशक अनुभव सिन्हा इससे पहले ‘तुम बिन’, ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘थप्पड़’ जैसी चर्चित और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता मनोज पाहवा ने बताया कि फिल्म ‘अस्सी’ आगामी 20 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में वे अमृतसर पहुंचे हैं, ताकि दर्शकों से सीधे संवाद कर फिल्म का प्रचार किया जा सके। मनोज पाहवा ने अमृतसर की धरती से अपने विशेष जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और अपनापन उन्हें हमेशा प्रेरणा देता है।

फिल्म की कहानी पर प्रकाश डालते हुए मनोज पाहवा ने कहा कि ‘अस्सी’ एक सोशल थ्रिलर ड्रामा है, जो दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखेगी। यह फिल्म समाज में रोज़मर्रा सामने आने वाली घटनाओं, कुरीतियों और गंभीर मुद्दों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी भले ही काल्पनिक हो, लेकिन इसकी पृष्ठभूमि पूरी तरह समाज की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, जिन्हें हम आए दिन अखबारों और खबरों में देखते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि यह फिल्म किसी तरह का उपदेश देने के लिए नहीं बनी है, बल्कि एक कोर्ट केस, जांच प्रक्रिया और थ्रिलर के रूप में आगे बढ़ती है। दर्शकों को इसमें एक प्रभावशाली कोर्ट रूम ड्रामा देखने को मिलेगा, जहां सच्चाई की तलाश और तीखे सवाल-जवाब कहानी को रोचक बनाते हैं। मनोज पाहवा ने दावा किया कि जिन्होंने भी यह फिल्म देखी है, उन्होंने इसकी सराहना की है।

वहीं निर्देशक अनुभव सिन्हा ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए इस तरह की फिल्मों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने बताया कि ‘अस्सी’ एक ऐसी फिल्म है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी और लंबे समय तक याद रहेगी। फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की टीम ने अपील की है कि दर्शक 20 फरवरी को सिनेमाघरों में जाकर फिल्म ‘अस्सी’ अवश्य देखें।

 

khabre junction 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.