रामपुर पुलिस की भव्य परेड के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने ली सलामी

  •  रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर में गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य पुलिस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख रहे, जिन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली तथा उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को संविधान और कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।

परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। परेड का नेतृत्व सुश्री हर्षिता सिंह, क्षेत्राधिकारी बिलासपुर ने परेड कमांडर प्रथम के रूप में किया। वहीं उपनिरीक्षक ज्योति (थाना शहजादनगर) परेड कमांडर द्वितीय तथा उपनिरीक्षक निशु फोगाट परेड कमांडर तृतीय के रूप में शामिल रहीं।

परेड में कुल आठ प्लाटूनों ने भाग लिया, जिनमें महिला आरक्षी प्रशिक्षु प्रमुख रहीं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित की गईं, जिनमें मोटरसाइकिल दस्ता, डायल 112, विशेष महिला सुरक्षा दल, अग्निशमन विभाग, श्वान दल, कृषि विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग तथा जनपद की विशिष्ट पहचान ‘रामपुरी चाकू’ पर आधारित झांकी शामिल रही। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत झांकियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

रैतिक परेड के समापन के बाद मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बिलासपुर सुश्री हर्षिता सिंह को उत्कृष्ट विवेचना पुरस्कार वर्ष 2025 से संबंधित प्रशंसा पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शौर्य के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक नगर जितेंद्र कुमार को प्रशंसा चिन्ह ‘स्वर्ण’, तथा अन्य पुलिसकर्मियों को ‘रजत’, उत्कृष्ट सेवा पदक एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त अनेक पुलिसकर्मियों को सेवा अभिलेख एवं विशेष कार्यों के आधार पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनपद के न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। परेड का दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनपद रामपुर के दस विद्यालयों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन उर्दू अनुवादक श्री सुहेल अहमद द्वारा किया गया। संपूर्ण आयोजन देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.