प्रदेशभर में अपना दल (एस) ने श्रद्धा से मनाई भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती

भोपाल, जनवरी 2026। सामाजिक न्याय के अग्रदूत और भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती अपना दल (एस) मध्य प्रदेश इकाई द्वारा प्रदेशभर में श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाई गई। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल के मार्गदर्शन में सभी जिला मुख्यालयों पर कर्पूरी ठाकुर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए। इंदौर कार्यालय में यह कार्यक्रम राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) की नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संसद के पटल पर जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की सशक्त अनुशंसा की थी। उसी का परिणाम रहा कि अगस्त 2024 में भारत सरकार द्वारा उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया।

उन्होंने कहा कि “जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों, शोषितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय की दिशा में उन्होंने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए आरक्षण के उप-वर्गीकरण को लागू किया, जिससे समाज के सबसे पिछड़े वर्गों को वास्तविक लाभ मिल सका। अंत्योदय योजना के माध्यम से गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया और मैट्रिक परीक्षा में अंग्रेजी की अनिवार्यता समाप्त कर हिंदी को बढ़ावा दिया, जिससे ग्रामीण और गरीब वर्ग के छात्रों को शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।”

प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कर्पूरी ठाकुर जी के जीवन, संघर्ष और विचारों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समानता, न्याय और समरसता की लड़ाई को निरंतर जारी रखने की प्रेरणा ली और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी क्रम में जिलेवार दौरे के कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में दूरभाष संपर्क और संगोष्ठियों के माध्यम से प्रदेशवासियों को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की जा रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.