ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन दिनों में 324 संदिग्ध काबू, गैंगस्टर नेटवर्क को बड़ा झटका

अमृतसर।पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा शुरू की गई सख्त मुहिम के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि तीन दिनों तक चले विशेष अभियान के दौरान कुल 324 संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया गया है, जिनमें गैंगस्टरों को लॉजिस्टिक सहायता देने वाले, ग्राउंड सपोर्टर और आदतन अपराधी शामिल हैं।

कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में उद्घोषित अपराधियों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) की भी गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों में प्रतिदिन 100 से अधिक गिरफ्तारियों का औसत इस बात का प्रमाण है कि अमृतसर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इस सफलता के लिए उन्होंने पूरी पुलिस टीम की सराहना की और गुरु नगरी की जनता का विशेष धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से अभियान को मजबूती मिली।

इसके साथ ही शहर में पीजी और किरायेदारों की वेरिफिकेशन के लिए भी बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। इसके लिए 35 विशेष टीमों को विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया, जिनके द्वारा अब तक 364 व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 34 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह जांच प्रक्रिया अभी लगातार जारी है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। शहर के संवेदनशील और हॉट स्पॉट इलाकों में सीसीटीवी कैमरों, नाकाबंदी और स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड्स के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। दोपहिया वाहनों से जुड़े अपराधों को देखते हुए वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की फिजिकल चेकिंग भी तेज कर दी गई है।

उन्होंने जानकारी दी कि ऑपरेशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े नेटवर्क से 6 पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जो गैंगस्टर नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। आगामी 26 जनवरी और सरबत खालसा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सख्त किया गया है।

अंत में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने दो टूक संदेश देते हुए कहा कि अमृतसर में अपराधियों और गैंगस्टरों के लिए जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और ऑपरेशन प्रहार आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.