बदायूँ।प्रभात फेरी के दौरान पुलिस लाठीचार्ज की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से जवाबदेही तय करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने बदायूँ स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह से मुलाकात कर पीड़ितों की आवाज़ मजबूती से रखी।
गौरतलब है कि दिनांक 16 जनवरी 2026 को इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यौर कासिमाबाद में प्रभात फेरी के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया था। इस घटना को लेकर भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने एक दिन पूर्व गांव पहुँचकर पीड़ित परिजनों एवं घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की थी और उनकी समस्याएँ तथा आपबीती को गंभीरता से सुना था।
इसके क्रम में आज भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ितों एवं घायलों को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बुलाकर जिलाधिकारी एवं एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान घायलों ने प्रशासन के समक्ष पूरी घटना का विवरण देते हुए अपनी पीड़ा साझा की।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष जाँच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि शांतिपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है और जिम्मेदारों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधि मंडल में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य तथा पूर्व विधायक कुशाग्र सागर उपस्थित रहे।
khabre junction
