माहेश्वरी समाज ने बनाया 100 आईएएस तैयार करने का लक्ष्य — बियानी
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने पर रहेगा विशेष फोकस — बियानी
ऐलनाबाद, 23 जनवरी (एम. पी. भार्गव)। राष्ट्रीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारी मंडल सदस्य एवं हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रांतीय संगठन मंत्री आनन्द बियानी ने बताया कि जोधपुर में आयोजित माहेश्वरी समाज के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
आनन्द बियानी ने समाज बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा ने यह संकल्प लिया है कि समाज के 100 प्रतिभाशाली युवाओं को आईएएस अधिकारी बनाने के लिए विशेष मार्गदर्शन, सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर समाज बंधुओं को हरसंभव सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाज की घटती जनसंख्या पर चिंतन करते हुए महासभा ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत यदि 21–22 वर्ष की कन्या तथा 24–25 वर्ष के युवक का विवाह होता है, तो अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा की ओर से 21,000 रुपये की राशि शगुन स्वरूप प्रदान की जाएगी।
आनन्द बियानी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर युवा, महिला एवं महासभा के सशक्त संगठन का गठन किया गया है, वहीं जिला और प्रादेशिक स्तर पर भी संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इन संगठनों के माध्यम से विभिन्न ट्रस्टों द्वारा समाज के जरूरतमंद वर्गों को निरंतर सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण दास जाजू स्मारक ट्रस्ट द्वारा विधवा, परित्यक्ता बहनों, अशक्त समाजजनों एवं विद्यार्थियों को मासिक सहायता प्रदान की जाती है। वहीं श्री आदित्य विक्रम मेमोरियल व्यापार सहयोग केंद्र के माध्यम से आर्थिक रूप से सीमित आय वाले जरूरतमंद समाजजनों को व्यवसाय शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक का ऋण न्यूनतम सेवा शुल्क पर उपलब्ध कराया जाता है।
इसके अलावा श्री राम गोपाल माहेश्वरी स्मृति शिक्षा सहयोग केंद्र द्वारा मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति, जबकि बदरीलाल सोनी शिक्षा सहयोग केंद्र के माध्यम से तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए बैंकों से लिए गए चार लाख रुपये तक के ऋण पर 75 प्रतिशत ब्याज सहयोग प्रदान किया जाता है।
आनन्द बियानी ने बताया कि अखिल भारतीय महिला सेवा ट्रस्ट समाज की जरूरतमंद महिलाओं को स्वावलंबन, शिक्षा, प्रतिभा विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करता है। वहीं श्री बांगड़ माहेश्वरी मेडिकल वेलफेयर सोसायटी द्वारा जरूरतमंद समाजजनों को दवाइयों, अस्पताल खर्च तथा लीवर एवं गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसके साथ ही माहेश्वरी सर्वांगीण विकास योजना के तहत असहाय वृद्धों एवं दिव्यांग समाजजनों को आर्थिक सहायता, श्री कोठारी बंधु शेर्य स्मृति ट्रस्ट द्वारा साहसिक कार्य करने वाले समाजजनों को पुरस्कार, तथा ए.बी.एम.एम. माहेश्वरी रिलीफ फाउंडेशन द्वारा प्राथमिक विद्यालयों को सहयोग प्रदान किया जाता है। हरियाणा-पंजाब प्रादेशिक माहेश्वरी सभा भी अपने क्षेत्र में जरूरतमंद समाजजनों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करा रही है।
अंत में आनन्द बियानी ने समाज बंधुओं से आग्रह किया कि जो भी इन योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं, वे अपनी स्थानीय माहेश्वरी सभाओं से संपर्क कर सहायता हेतु गठित ट्रस्टों की जानकारी प्राप्त करें और समाज द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं।
khabre junction
