पद्मश्री सम्मानित संतोष यादव ने छात्राओं को दिए सपने पूरे करने के टिप्स

लखीसराय(सरफराज आलम)माउंट एवरेस्ट को दो बार फतह करने वाली दुनिया की पहली महिला पर्वतारोही और पद्मश्री सम्मानित संतोष यादव ने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। वे बुधवार को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय, बिहरौरा में छात्राओं के लिए आयोजित विशेष मोटिवेशनल क्लास में बोल रही थीं।

कार्यक्रम के दौरान संतोष यादव ने अपने जीवन के संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों को साझा करते हुए छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार किया। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है।

मोटिवेशनल सत्र में संतोष यादव ने स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम, पर्याप्त नींद और स्वच्छ जीवनशैली को जीवन में आगे बढ़ने का आधार बताया। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर ही व्यक्ति अपने सपनों की ऊंचाइयों को छू सकता है।

इसके बाद संतोष यादव ने समाहरणालय, लखीसराय का भी भ्रमण किया। यहां जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने उनका आत्मीय स्वागत किया और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। जिला पदाधिकारी ने संतोष यादव के साहस, दृढ़ संकल्प और प्रेरणादायी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं और खासकर छात्राओं के लिए एक आदर्श है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.