- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ में संगठनात्मक मजबूती और विस्तार की योजना के तहत जनपद सोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक अध्यक्ष भोलानाथ अग्रहरि को विंध्याचल मंडल का मंडलीय संगठन मंत्री मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद किया गया, जिससे जनपद के पदाधिकारियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पाण्डेय ने इसे जनपद सोनभद्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मंडलीय संगठन मंत्री के रूप में भोलानाथ अग्रहरि विंध्याचल मंडल के अंतर्गत सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही—तीनों जनपदों में संगठन को समन्वित प्रयासों से सुदृढ़ करेंगे। साथ ही संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय बनाते हुए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
मनोनयन के उपरांत जनपद सोनभद्र के संगठन कार्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने नवनियुक्त मंडलीय संगठन मंत्री को बधाई दी और उनके कार्यकाल के सफल रहने की शुभकामनाएं दीं।
