सड़क हादसे में द्रोण पब्लिक स्कूल मालिक के पुत्र समेत तीन की मौत

  • रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार

सरधना।मेरठ–बुलंदशहर हाईवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में क्रेटा कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मेरठ निवासी अंकित त्यागी शामिल हैं, जो द्रोण पब्लिक स्कूल के मालिक एवं भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष संजय त्यागी के इकलौते पुत्र थे। अंकित, एमएलसी अश्वनी त्यागी के भतीजे भी थे। हादसे में अंकित के पीएसओ और द्रोण अस्पताल के एक चिकित्सक की भी मौत हो गई।

हादसा सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र में चिड़ावक कट के पास हुआ। बताया गया कि सफेद रंग की क्रेटा कार बुलंदशहर से मेरठ की ओर जा रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार डिवाइडर से उछलकर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही थाना गुलावठी पुलिस, दमकल विभाग, एनएचएआई की टीम तथा अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के डिफेंस एन्क्लेव निवासी 37 वर्षीय अंकित त्यागी पुत्र संजय त्यागी, उनके पीएसओ महेश कुमार निवासी जसनावली खुर्द (कोतवाली देहात, बुलंदशहर) और रोहटा थाना क्षेत्र के डालमपुर निवासी 38 वर्षीय डॉ. आशुतोष के रूप में हुई है। डॉ. आशुतोष सरधना स्थित द्रोण अस्पताल में चिकित्सक थे। अंकित और डॉ. आशुतोष दोनों ही अपने परिवार के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं। तीनों लोग पोल्ट्री फार्म देखकर मेरठ लौट रहे थे।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.