लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रगति यात्रा तथा सात निश्चय–2 और सात निश्चय–3 से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेना रहा।
समीक्षा बैठक में सात निश्चय–2 के तहत महिलाओं के लिए उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना, ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, ग्रामीण व शहरी संपर्कता, बाईपास एवं फ्लाईओवर निर्माण, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी, हर घर नल का जल अनुरक्षण, वृद्धजनों के लिए आश्रय स्थल तथा पंचायत स्तर पर मोक्षधाम निर्माण सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
वहीं सात निश्चय–3 के अंतर्गत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता, औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, प्रत्येक गांव में दूध उत्पादन समिति, प्रत्येक पंचायत में सुधा बिक्री केंद्र, प्रखंड स्तर पर आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाएं, ग्रामीण पथ अनुरक्षण, एयरपोर्ट व हेलीपैड निर्माण, पंचायत एवं नगर पंचायतों में स्पोर्ट्स क्लब गठन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
इसके अलावा निशुल्क दवा उपलब्धता, मुख्यमंत्री ग्रामीण संपर्क एवं सेतु योजना, जीविका स्वयं सहायता समूह, पंचायत सरकार भवन, भूमि विवाद निपटान, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चल सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
डीएम मिथिलेश मिश्र ने सभी नोडल पदाधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
