Chandra Grahan 2026: ग्रहण एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर रहती है। धार्मिक दृष्टिकोण से भी ग्रहण का विशेष महत्व माना जाता है और इसका प्रभाव देश-दुनिया के साथ-साथ राशियों पर भी पड़ता है। साल 2026 में कुल चार ग्रहण लगने वाले हैं, जिनमें दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण शामिल हैं। इस वर्ष का पहला ग्रहण चंद्र ग्रहण के रूप में लगने जा रहा है। हिंदू धर्म में ग्रहण को अशुभ माना गया है और इस दौरान सूतक काल के नियमों का पालन किया जाता है।
चंद्र ग्रहण 2026 में कब लगेगा?
साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च 2026 को लगेगा। यह ग्रहण दोपहर 2 बजकर 16 मिनट पर शुरू होगा और शाम 6 बजकर 24 मिनट पर समाप्त होगा। खास बात यह है कि इसी दिन देशभर में होली का पर्व भी मनाया जाएगा, ऐसे में होली पर चंद्र ग्रहण की छाया रहेगी।
भारत में दिखेगा या नहीं चंद्र ग्रहण?
3 मार्च 2026 को लगने वाला यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा। भारत के कई हिस्सों में लोग इस खगोलीय घटना का नजारा देख सकेंगे। पूर्वी तट के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में यह ग्रहण स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। इसके अलावा कोलकाता, गुवाहाटी, ईटानगर और आइजोल जैसे शहरों में भी चंद्र ग्रहण देखा जा सकेगा।
हालांकि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, लखनऊ और जयपुर जैसे शहरों में चंद्र ग्रहण आंशिक रूप से ही नजर आएगा।
भारत में सूतक काल मान्य होगा या नहीं?
हिंदू धर्म में ग्रहण के दौरान सूतक काल का विशेष महत्व होता है। मान्यता के अनुसार सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले और चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है। सूतक काल केवल वहीं मान्य होता है, जहां ग्रहण दिखाई देता है। चूंकि 3 मार्च 2026 का चंद्र ग्रहण भारत के कई हिस्सों में नजर आएगा, इसलिए सूतक काल भी मान्य होगा, जो ग्रहण से 9 घंटे पहले शुरू हो जाएगा।
सूतक काल के नियम
चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल आरंभ हो जाता है और ग्रहण समाप्त होने के साथ ही समाप्त होता है। इस दौरान पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान नहीं किए जाते। मंदिरों के कपाट बंद रहते हैं और भोजन करना भी वर्जित माना गया है। सूतक काल से लेकर ग्रहण की समाप्ति तक सोना भी निषिद्ध माना जाता है। इस समय मन ही मन भगवान का स्मरण और जाप करना शुभ माना जाता है।
khabre junction
डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।
