दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा, एक लाख से अधिक नई महिलाओं को मिलेगा लाभ

हरियाणा, 3 जनवरी (एम पी भार्गव)। हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के विस्तार की घोषणा की है। इस निर्णय से राज्य की एक लाख से अधिक नई महिलाओं को योजना का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, एक लाख रुपये तक की सालाना पारिवारिक आय वाली पात्र महिलाओं को पहले की तरह योजना का लाभ मिलता रहेगा। किसी भी मौजूदा लाभार्थी का लाभ न तो रोका गया है और न ही समाप्त किया गया है। उन्हें पहले की भांति 2100 रुपये प्रति माह की सहायता मिलती रहेगी।

योजना के विस्तार के तहत तीन नई श्रेणियों को जोड़ा गया है। इन श्रेणियों में पात्रता के लिए पारिवारिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए तथा लाभ अधिकतम तीन बच्चों तक सीमित रहेगा।

पहली श्रेणी में ऐसे परिवार शामिल किए गए हैं, जिनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं और 10वीं व 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करते हैं। ऐसी माताओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता मिलेगी।

दूसरी श्रेणी में वे परिवार आएंगे, जिनके बच्चे भारत सरकार के निपुण मिशन के अंतर्गत कक्षा 1 से 4 तक ग्रेड लेवल प्रोफिशिएंसी हासिल करते हैं। इन बच्चों की माताओं को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।

तीसरी श्रेणी में वे माताएं शामिल होंगी, जिनके बच्चे पोषण ट्रैकर के अनुसार कुपोषण या एनीमिया से बाहर आकर ग्रीन जोन में पहुंचते हैं। ऐसी माताओं को भी 2100 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी, बशर्ते पारिवारिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम हो।

सरकार ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना में एक नई वित्तीय व्यवस्था भी लागू की है। इसके तहत 2100 रुपये की सहायता राशि में से 1100 रुपये सीधे महिला के खाते में जमा होंगे, जबकि शेष 1000 रुपये राज्य सरकार द्वारा रेकरिंग डिपॉजिट या फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश किए जाएंगे। यह राशि ब्याज सहित लाभार्थी महिला को प्राप्त होगी। साथ ही, लाभार्थी की असामयिक मृत्यु की स्थिति में यह राशि तुरंत उसके नामित व्यक्ति को प्रदान की जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस पहल से महिलाओं को न केवल तात्कालिक आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि भविष्य के लिए सुरक्षित वित्तीय आधार भी सुनिश्चित होगा।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.