- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मिर्जापुर अंतर्गत लालगंज क्षेत्र के तेंदुआ खुर्द (आदिवासी बस्ती) में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कमिश्नर कार्यालय, विंध्याचल मंडल के प्रशासनिक अपर आयुक्त द्वारा कार्रवाई न करने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद वन विभाग लालगंज की टीम रात करीब दो बजे गांव पहुंची और लहलहाती फसलों को जबरन उजाड़ने लगी।
ग्रामीणों के अनुसार जब गांव वालों ने इसका विरोध किया तो वन विभाग के कर्मियों ने लाठी-डंडों के साथ उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की गई और अभद्रता भी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी कार्रवाई बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के की गई, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले कमिश्नर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद प्रशासनिक अपर आयुक्त, विंध्याचल मंडल ने बुलडोजर कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद देर रात की गई कार्रवाई से ग्रामीणों में प्रशासन और वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वन विभाग की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
khabre junction
