दरियापुर पुल पर जाम से मिलेगी राहत,डीएम मिथिलेश मिश्र तथा एसपी अजय कुमार ने किया निरीक्षण,लागू होगी वन-वे व्यवस्था
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले के दरियापुर स्थित पुल पर लगातार लग रहे जाम की समस्या को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने संयुक्त रूप से पुल मरम्मती स्थल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में उत्पन्न हो रही जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालना रहा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल पर वाहनों के दबाव, आवागमन की गति तथा आमजन को हो रही परेशानियों का बारीकी से अवलोकन किया। इस क्रम में पाया गया कि पुल की चौड़ाई कम होने तथा दोनों ओर से एक साथ वाहनों के परिचालन के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों एवं दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से पुल पर यातायात को वन-वे (एकतरफा) करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अंतराल पर एक ही दिशा से वाहनों का परिचालन कराया जाएगा। निश्चित समय के बाद दिशा परिवर्तन कर दूसरी ओर से वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी, जिससे दोनों दिशाओं के यात्रियों को क्रमबद्ध रूप से आवागमन की सुविधा मिल सके और जाम की स्थिति से राहत मिले।इस अस्थायी यातायात प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए पुल के दोनों छोर पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती का भी निर्देश दिया गया है। पुलिस बल द्वारा यातायात नियंत्रण, वाहन चालकों को दिशा-निर्देश देने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा लागू की गई वन-वे व्यवस्था में सहयोग करें, धैर्य बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सभी को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
khabre junction
