-नववर्ष के स्वागत में बाबा श्याम की भजन संध्या
ऐलनाबाद के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में देर रात तक गूंजे भक्ति रस से भरे भजन
ऐलनाबाद, 01 जनवरी ( एम पी भार्गव ) नववर्ष 2026 के स्वागत के अवसर पर ऐलनाबाद में बाबा श्याम के दरबार में भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। यह कार्यक्रम 31 दिसंबर 2025 को प्राचीन श्री श्याम मंदिर, ऐलनाबाद में सम्पन्न हुआ। रात्रि 7:15 बजे भण्डारे के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत रात्रि 8:30 बजे से 12:30 बजे तक भजन संध्या आयोजित की गई।
भजन संध्या में मनीष यादव (दिल्ली), पप्पू शर्मा एंड पार्टी (ऐलनाबाद) सहित अन्य कलाकारों ने बाबा श्याम को समर्पित भजनों की प्रस्तुतियां दीं। “हारे का सहारा श्याम हमारा”, “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम”, “खाटू वाले श्याम धणी थाने साजरा नमस्कार” तथा “श्याम नाम की मस्ती छाई” जैसे प्रचलित भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।भजनों के साथ बाबा श्याम के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में नये वर्ष का स्वागत किया। मध्यरात्रि के समय नये वर्ष के आगमन पर श्रद्धालुओं द्वारा आतिशबाजी भी की गई, जिससे मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र रोशनी और उल्लास से जगमगा उठा। आतिशबाजी के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में अनुशासन एवं व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनी रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।इस आयोजन का आयोजन श्री श्याम बाबा मंदिर कमेटी ट्रस्ट (रजि.) एवं श्री श्याम कला मण्डल, ऐलनाबाद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
