लखीसराय में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर जागरूकता, छात्राओं को दिलाई गई शपथ

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला विधिक प्राधिकार, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पहाड़पुर (बड़हिया) में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। इससे बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है और उनके स्वास्थ्य व जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। उन्होंने समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार ने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि यह लैंगिक असमानता को बढ़ावा देता है और देश की प्रगति में बाधक है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कराना या कराना कानूनन अपराध है, जिसमें जुर्माना व कारावास का प्रावधान है।

अधिकार मित्र अजय कुमार यादव ने कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति टॉल फ्री नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम में वार्डन सह शिक्षिका सुधा कुमारी ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) पर जानकारी दी। अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई तथा छात्राओं के बीच एमएचएम किट्स का वितरण किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.