फरीदाबाद में भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी गुटबाज़ी अब सार्वजनिक मंच पर साफ़ दिखाई देने लगी है। जिले की सबसे बड़ी सरकारी अटल लाइब्रेरी का एक ही दिन में दो बार उद्घाटन होना इसी का बड़ा उदाहरण बन गया है। इस घटनाक्रम ने न केवल राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है, बल्कि पार्टी संगठन के भीतर भी हलचल मचा दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय अटल लाइब्रेरी का उद्घाटन राज्य मंत्री विपुल गोयल ने विधायक राजेश नागर और सहप्रभारी सुरेंद्र नागर के साथ मिलकर किया। तीनों नेताओं ने विधिवत रिबन काटकर लाइब्रेरी का शुभारंभ किया और इसे छात्रों एवं युवाओं के लिए ज्ञान का केंद्र बताया।
हालांकि, कुछ ही घंटों बाद दोपहर में उसी अटल लाइब्रेरी का दोबारा उद्घाटन किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं फरीदाबाद सांसद कृष्णपाल गुर्जर, विधायक हरेन्द्र राम, रतन सतीश फागना, जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। उन्होंने भी उद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए लाइब्रेरी को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
एक ही सरकारी परियोजना का दो बार उद्घाटन होना भाजपा की अंदरूनी राजनीति और वर्चस्व की जंग को उजागर करता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम पार्टी के भीतर चल रही खींचतान और आपसी तालमेल की कमी को दर्शाता है।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अटल लाइब्रेरी के दोहरे उद्घाटन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इससे भाजपा की अंदरूनी कलह अब जनता के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
khabre junction
