अमृतसर।श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर पर सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को आम जनता की जागरूकता और सुविधा के लिए स्थापित ऑटोमेटेड वेदर ऑब्ज़र्विंग सिस्टम (AWOS) के मौसम संबंधी सूचना डिस्प्ले का उद्घाटन किया गया। इस डिस्प्ले का उद्घाटन श्री भूपेंद्र सिंह, एपीडी अमृतसर द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारी, हवाई अड्डे से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित हितधारक भी उपस्थित रहे। इस पहल को यात्रियों और विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह मौसम सूचना डिस्प्ले रीयल-टाइम मौसम संबंधी जानकारियां उपलब्ध कराएगा, जिनमें तापमान, आर्द्रता, हवा की दिशा और गति, रनवे विज़ुअल रेंज (RVR) के साथ-साथ पिछले 24 घंटों की वर्षा का विवरण शामिल है। इससे यात्रियों को अपने सफर की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी और विमानन उपयोगकर्ताओं को सटीक मौसम जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।
अमृतसर हवाई अड्डे के मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख श्री शशांक वर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विमानन सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, सुगम और प्रभावी बनाना है। उन्होंने जानकारी दी कि अमृतसर हवाई अड्डा रनवे के साथ स्थापित तीन अत्याधुनिक AWOS इकाइयों से सुसज्जित है, जो मौसम की सटीक और विश्वसनीय जानकारी प्रदान कर विमान संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं।
हवाई अड्डा प्रशासन का मानना है कि इस नई सुविधा से न केवल यात्रियों की जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि विमानन सुरक्षा और संचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
