मानसून से पहले और बाद में सिल्ट हटाने व मलबे की सफाई सुनिश्चित हो

ऐलनाबाद, 22 दिसंबर (एम पी भार्गव) शहर ऐलनाबाद में बरसाती पानी की निकासी के लिए बरसाती नाला बना हुआ है लेकिन उसकी समय-समय पर नियमित रूप से सफाई न होने के कारण इसमें तकरीबन 1-1 फुट से ज्यादा गाद जमा हो चुकी है जिसकी तुरंत प्रभाव से सफाई करवाई जाए।वार्ड नंबर 3 के नगर पार्षद.सुभाष चंद्र ने सचिव नगरपालिका ऐलनाबाद को जीमेल के माध्यम से बरसाती नाले की नियमित सफाई केवल मानसून से पहले ही नहीं हर समय जन स्वास्थ्य और जल निकासी के लिए करवाने के लिए निवेदन किया है उन्होंने जिक्र किया है कि संबंधित विभाग को मानसून से पहले और बाद में सिल्ट हटाने व मलबे की सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए। वैसे तो सरकार चाहती है कि आम लोग उसका सहयोग करें इसके लिए जहां भी समस्या हो सरकार की तरफ से आमजन को व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने व शिकायत दर्ज करवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया हुआ है लेकिन इसके बावजूद भी आमजन संकोच करते हैं और अपनी समस्या हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से नहीं बता रहे हैं। अगर आमजन समय समय पर बन्द हुई नालियों की शिकायत दर्ज करवाएं तो भिन्न-भिन्न संक्रामक रोगों के प्रसार को भी रोका जा सकता है। इसके अतिरिक्त संबंधित विभाग को भी चाहिए कि बेहतर जल निकासी के लिए नालों से अतिक्रमण को हटाया जाएं। वैसे भी आजकल तो मशीनरी युग है मशीनों और मैनपॉवर का उपयोग करके प्रभावी सफाई की जानी चाहिए। अगर हम ऐलनाबाद शहर में बने हुए बरसाती नाले की बात करें तो यह तकरीबन पौने दो फीट गहरा है और इसमें पानी निकासी का जो ऊपर की सतह है वह केवल 22 सेंटीमीटर ही है बाकी नाले में गाद भरी होने के कारण बरसाती पानी की सही समय पर निकासी नहीं हो पा रही हैं। सही समय पर बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण जहां आम लोगों में आक्रोश की भावना पैदा होती है वही उनको काफी मुश्किलों का सामना भी करना पड़ता है। इसलिए शहर में बरसाती नाले की साफ सफाई करवाना अति आवश्यक है, नगर पर्षद के साथ-साथ वार्ड नंबर 3 के नागरिकों ने भी नगर पालिका प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह इस नाले की तुरंत प्रभाव से सफाई करवाये ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.