सोनभद्र: दो दिवसीय अंतर्राज्यीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (घोरावल)। क्षेत्र के अहरौरा गांव में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राज्यीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साह और खेलभावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश, लखनऊ क्षेत्र के सत्संग प्रमुख दिवाकर त्रिपाठी तथा बर्दिया ग्राम प्रधान शिव कुमार उपस्थित रहे।

अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबला गुरेठ बनाम राजीन टीम के बीच खेला गया, जिसमें गुरेठ की टीम ने दो सेटों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

मुख्य अतिथि सोहन लाल श्रीमाली ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ी निरंतर मेहनत कर जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और सोनभद्र का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

विशिष्ट अतिथि दिवाकर त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित रूप से वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की सराहना की। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से राज्यमंत्री सोहन लाल श्रीमाली को बाबा शिवद्वार भोलेनाथ का स्मृति चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बजरंग वॉलीबॉल क्लब अहरौरा के अध्यक्ष पंकज शास्त्री, सचिव दीपक शर्मा, संरक्षक हीरामन, उपाध्यक्ष विजय यादव, महामंत्री अरविंद भारती, क्रीड़ा प्रमुख हनुमान सहित अनेक पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा समाजसेवी श्रीपति त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी, सुनील चौबे, डायरेक्टर संतोष, मुर्शीद जमाल, संतोष पांडेय, सूरज पांडेय, अरुण शर्मा, रामौतार सिंह, आजाद, जितेंद्र भारती, आलोक, आशीष सिंह, दीपक कोल, अंशुराज, मुकेश, छोटू अग्रहरि, परमेश्वर, बबुदर, बृजेश सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.